रायबरेली/ शिवगढ़। जिले में सर्पदंश की घटनाएं थम नहीं रही है। चार साल के मासूम समेत दो लोगों की सर्पदंश से मंगलवार को मौत हो गई। शहर से सटे भूएमऊ में खेलते समय बच्चा सर्पदंश का शिकार हो गया। शिवगढ़ में खेत में किसान को सर्प ने डस लिया। भदोखर थाना क्षेत्र के भुएमऊ निवासी सिद्धार्थ (4) पुत्र सुनील गत सोमवार शाम दरवाजे के पास बच्चों के साथ खेल रहा था।
नाली के पास झाड़-झंखार से निकलकर सर्प ने बालक को डस लिया। उसे देर शाम 5.40 बजे जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। मंगलवार को तड़के 6.40 बजे बच्चे की मौत हो गई। सर्पदंश के बाद लालगंज निवासी अंकुश (20) और बछरावां निवासी फूलकली (35) को भर्ती करके इलाज शुरू किया गया है।
उधर, शिवगढ़ थाना क्षेत्र के महतोखेड़ा मजरे गूढ़ा निवासी किसान संतराम (59) पुत्र देवतादीन मंगलवार सुबह धान की देखभाल करने खेत गए थे। खेत में वे सर्पदंश का शिकार हो गए। कोई आसपास न होने से करीब डेढ़ घंटे तक वह खेत में ही पड़े रहे। बाद में उन्हें सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि अस्पताल में एंटी स्नेक वेनम पर्याप्त मात्रा में हैं। ऐसी घटना के बाद मरीज को तुरंत अस्पताल लाकर भर्ती कराएं। समय से इलाज करके मरीज को बचाया जा सकता है।