रायबरेली। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने पिता पुत्र समेत पांच लोगों पर लूट व जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया है। घटना जून में हुई थी। पुलिस ने मामले की विवेचना भी शुरू कर दी है। ऊंचाहार के ईश्वरदासपुर निवासी संजय सिंह ईंट भट्ठा व्यवसायी हैं। बीते 6 जून को उनके बेटे अभिषेक प्रताप सिंह पर जमुनापुर गांव निवासी अभिजीत सिंह उर्फ टेसू ने तमंचे से जानलेवा हमला किया था।
जिसका मामला उन्होंने थाने में दर्ज कराया था। आरोप है कि रंजिश के चलते बीते 27 जून को उनके ईंट भट्ठे पर टेसू सिंह, उनके पिता रमेश बहादुर सिंह, चचेरे भाई अनुज सिंह व दो अज्ञात लोगों ने उन पर हमला कर दिया था। टेसू व अनुज सिंह तमंचे से फायर कर रहे थे। डर की वजह से वह आफिस में घुस गए और कुंडी बंद कर ली।
आरोप है कि दबंगों ने लातकर मारकर कुंडी तोड़ दी। अंदर घुसे और उनकी कनपटी पर तमंचा लगाकर गले में पड़ी सोने की चेन व 12 हजार रुपये नकद लूट लिए। जाते समय जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस को सूचना दी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पर पीड़ित ने न्यायालय में गुहार लगाई। न्यायालय ने पुलिस को मामला दर्ज विवेचना करने का आदेश दिया। कोतवाल संजय कुमार ने बताया कि तीन नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।