रायबरेली। गुरुबक्शगंज थाना क्षेत्र के जतुआ टप्पा गांव के पास सोमवार सुबह रायबरेली से घर वापस आ रहे बाइक सवार युवक पेड़ से टकरा गए। हादसे में एक की मौत हो गई। थाना क्षेत्र के सतांव गांव निवासी सौरभ श्रीवास्तव का बेटा अगम (18) और गांव के ही रामलाल का बेटा मोहित (18) रविवार शाम अपने दोस्त की बर्थडे पार्टी में शामिल होने के लिए रायबरेली गए थे।
सोमवार सुबह करीब पांच बजे मोटरसाइकिल में पीछे बैठे मोहित ने परिवारीजनों को फोन करके बताया कि जतुआ टप्पा के पास उनकी मोटरसाइकिल एक पेड़ से टकरा गई है, जिसमें वह और अगम दोनों बुरी तरह घायल हो गए है। आनन-फानन परिवारीजनों ने पुलिस को सूचना दी और मौके पर पहुंचे। दोनों घायलों को जतुआ टप्पा सीएचसी पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने अगम को मृत घोषित कर दिया जबकि मोहित का इलाज जारी है।