रायबरेली (ब्यूरो)। स्वास्थ्य विभाग में काउंसलरों की भर्ती के लिए चल रही प्रक्रिया को करारा झटका लगा है। दो पदों के लिए करीब 400 आवेदन पत्र आए, लेकिन एक भी आवेदन पत्र मानकों पर खरे नहीं उतरे। ऐसी स्थिति में उच्चाधिकारियों से सलाह मशविरा करने के बाद सीएमओ ने नए सिरे से आवेदन मंगवाने की प्रक्रिया शुरू करा दी है।
एनआरएचएम के तहत जिला महिला और पुरुष अस्पताल में किशोरियों व किशोरों के लिए अस्पताल खोलना है। इसके लिए करीब एक महीने से काउंसलरों के दो पदों के लिए भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। अब तक करीब 400 लोगाें ने भर्ती के लिए आवेदन भी जमा किए हैं, लेकिन एक भी आवेदन करने वाला मानकों पर खरा नहीं उतर रहा है। आवेदक को कम से कम पांच साल का अनुभव अनिवार्य रखा गया है। आवेदनों में एक भी पांच साल के अनुभव को पूरा नहीं कर रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएमओ ने उच्चाधिकारियों से भी बात की, लेकिन उच्चाधिकारियों से स्पष्ट कहा गया कि पांच साल का अनुभव रखने वाले अभ्यर्थी का ही चयन हो सकता है। मामला फंसने के बाद अब चयन प्रक्रिया को निरस्त करके नए सिरे से आवेदन मांगने का प्रयास किया जा रहा है।