लखनऊ। रायबरेली के सलोन से सपा विधायक आशा किशोर समेत तीन महिला नेताओं के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायतों पर लोकायुक्त ने जांच शुरू कर दी है। आशा किशोर पर अपने पति के नाम गलत ढंग से ग्राम पंचायत की करोड़ों रुपये की जमीन का पट्टा कराने का आरोप है तो बुलंदशहर नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष पिंकी गर्ग पर स्ट्रीट लाइट की खरीद में अनियमितता बरतने व सोनभद्र की जिला पंचायत अध्यक्ष अनीता राकेश पर खनन के वाहनों से शुल्क वसूली का ठेका देने में गड़बड़ी करने का आरोप है। लोकायुक्त ने रायबरेली के डीएम से आशा किशोर के पति के नाम जमीन का पट्टा करने से संबंधित सभी अभिलेख मांगे हैं जबकि पिंकी गर्ग व अनीता राकेश के खिलाफ मामला दर्ज करके दोनों को नोटिस जारी किया गया है। इन दोनों से 31 अक्तूबर तक जवाब मांगा है।
लोकायुक्त न्यायमूर्ति एनके मेहरोत्रा के पास बृहस्पतिवार को तीन महिला नेताओं की शिकायतें पहुंचीं और तीनों का ही संज्ञान लेते हुए उन्होंने छानबीन शुरू कर दी। विधायक आशा किशोर पर आरोप है कि उन्होंने अधिकारियों और प्रधान से साठगांठ करके जगतपुर रोड पर सड़क किनारे स्थित ग्राम पंचायत की 0.145 हेक्टेयर जमीन का पट्टा अपने पति के नाम करा लिया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पट्टे के लिए नियमों का पालन नहीं किया गया। बिना नीलामी, मुनादी कराए व आवेदन पत्र मांगे तथा ग्रामसभा की बैठक में प्रस्ताव पारित कराए बगैर ही विधायक के पति के नाम जमीन का पट्टा कर दिया गया। लोकायुक्त का कहना है कि चूंकि इस मामले में एसडीएम की भूमिका संदिग्ध है इस वजह से जिलाधिकारी से सारे अभिलेख मंगाए गए हैं। अभिलेखों का परीक्षण करने के बाद औपचारिक रूप से विधायक के खिलाफ मामला दर्ज करके विधिवत जांच शुरू की जाएगी।
लोकायुक्त ने बताया कि बुलंदशहर नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष पिंकी गर्ग के खिलाफ एक हजार स्ट्रीट लाइटों की खरीद में अनियमितता बरतने तथा ज्यादा कीमत पर लाइटें खरीदने की शिकायत मिली है। पिंकी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्हें नोटिस जारी करके 31 अक्तूबर तक जवाब देने को कहा गया है। इसी तरह सोनभद्र की जिला पंचायत अध्यक्ष अनीता राकेश के खिलाफ जिला पंचायत की सड़कों से बालू, मौरंग व गिट्टी लेकर निकलने वाले वाहनों से शुल्क वसूली का ठेका देने में अनियमितता बरतने की शिकायत मिली है। नियमानुसार हर साल 20 प्रतिशत बढ़ाकर ठेका देना चाहिए लेकिन अनीता राकेश ने 20 प्रतिशत कम करके शुल्क वसूली का ठेका दिया है जिससे जिला पंचायत को लगभग दो करोड़ रुपये की क्षति हुई है। अनीता राकेश के खिलाफ भी मामला दर्ज करके नोटिस जारी किया गया है। 31 अक्तूबर तक उनसे जवाब देने को कहा गया है।