रायबरेली-सलोन। सलोन कोतवाली क्षेत्र के दुबहन गांव में रविवार की रात मामूली विवाद को लेकर छोटे भाई ने गालीगलौज कर बड़े भाई की पिटाई कर दी। इससे क्षुब्ध होकर बड़े भाई ने गांव के बाहर स्कूल के पास अपने शरीर पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा ली। परिवारीजनों और ग्रामीणों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस गया था। परिवारीजन बड़े भाई को पीएचसी ले गए, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।
दुबहन गांव निवासी गयाप्रसाद (55) मजदूरी करता था। वह चार भाईयों में सबसे बड़ा था। चारों भाई अलग-अलग रहते थे। खेती भी सभी की बटी हुई है। परिवारीजन बताते हैं कि गया प्रसाद और उसके छोटे भाई गजाधर के बीच अक्सर किसी न किसी बात को लेकर झगड़ा होता रहता था। रविवार की रात भी दोनों में घरेलू कलह को लेकर जमकर कहासुनी हुई। बात इतनी बढ़ी कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। गजाधर ने अपने बड़े भाई को उठा कर जमीन पर पटक दिया। इससे चोटेें आईं। चीख-पुकार मचने पर ग्रामीणों ने किसी तरह मामले को शांत कराया। गया प्रसाद ने कभी सोचा भी नहीं था कि उसका छोटा भाई उसके ऊपर हाथ भी उठा सकता है। इसी से आहत होकर वह घर के अंदर गया और वहां से मिट्टी के तेल की पिपिया ले आया। गांव के बाहर स्थित स्कूल के पास अपने शरीर पर मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगा ली। ग्रामीणों ने उसे जलता देखा तो परिवारीजनों को सूचना दी और आग बुझाई। परिवारीजन उसे लेकर पीएचसी पहुंचे। चिकित्सक ने उसे जिला अस्पताल भेज दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। उधर, कोतवाल अतुल कुमार तिवारी ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। जांच कराकर कार्रवाई करेंगे।