रायबरेली। रात के 10 बजे हैं। डीएम के सीयूजी मोबाइल नंबर 9454417559 पर 9889278221 से फोन आया। फोन उठाते ही डीएम को धमकाया गया कि मैं सीबीआई से बोल रहा हूं, आपकी काली करतूतों को खोलने के लिए आ रहा हूं... सभी गड़बड़ी की ऐसी तैसी करुंगा...। इसी तरह लगातार तीन बार एक ही नंबर से फोन आया तो परेशान होकर जिलाधिकारी महेंद्र कुमार को बोलना पड़ा- भैया मैं डीएम नहीं बोल रहा हूं, क्यों परेशान कर रहे हो। ऐसा कहकर डीएम ने फोन को बंद कर लिया।
बीती 27 जून की रात डीएम को धमकाने के बाद डीएम ने एसपी एन-कोलांची को नंबर नोट कराकर सर्विलांस पर लगवा दिया। बाद में पता चला कि फोेन पर धमकाने वाला मिलएरिया थाना क्षेत्र के उमरामऊ गांव निवासी संतोष यादव है। मामले में डीएम के निजी सचिव सुरेम लाल ने मिलएरिया थाने में आरोपी के खिलाफ धारा 416, 417, 504, 506 में मामला दर्ज कराया है। मिलएरिया पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एसओ मिलएरिया मनोज मिश्रा ने बताया कि आरोपी ने उन्हें भी बीती 22 जून को अपने फोन से धमकाया था। उसकी कॉल डिटेल निकलवाकर पड़ताल कराई जा रही है। ऐसा प्रतीत होता है कि कई और लोगाें को उसने धमकाया होगा। डीएम महेंद्र कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी ने तीन बार फोन करके धमकाया था। मोबाइल को बंद करने के बाद ही उससे निजात मिल सकी थी।