रायबरेली। उमस भरी गर्मी में संक्रामक रोग का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। रविवार को डायरिया की चपेट में आने से एक महिला ने दम तोड़ दिया, जबकि 20 लोग डायरिया व बुखार की चपेट में आ गए। इनमें से डायरिया से पीड़ित छह लोगों की हालत गंभीर होने पर अस्पताल में भर्ती किया गया। अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि मौसम की वजह से लोग संक्रामक रोग की चपेट में आ रहे हैं। लोगों को सावधान रहने की जरूरत है।
सोनिया नगर निवासी बिब्बी (25) पत्नी वसीर डायरिया से पीड़ित थी। उसे रविवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसी तरह रिया (3) निवासी शिवपुरी अमावां, शांती (60) निवासी नदी तीर शहर, सिरातुननिशा (25) निवासी सुपर मार्केट, शिखा (6) निवासी ओनडीह तिलोई, मंजू (2) निवासी रतापुर अमावां, रिंकू (23) ममिलकमऊ अमावां को उल्टी-दस्त से बीमार होने पर जिला अस्पताल लाया गया। सभी की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने भर्ती कर लिया। वहीं अशफाक, रमेश, संतोष, अर्चना, संध्या आदि बुखार से बीमार होने पर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। जिला अस्पताल के डॉ. बीरबल का कहना है कि गर्मी में लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए। प्यास लगने पर अधिक डंडा पानी नहीं पीना चाहिए। साथ ही खानपान पर ध्यान देना चाहिए। बासी भोजन और कटेे फल भी न खाए जाएं।