खीरों (रायबरेली)। थाना क्षेत्र के नंदाखेड़ा गांव में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। ससुराल वालों का कहना है कि महिला ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। वहीं मृतका की मां ने बेटी की हत्या की आशंका जताते हुए मामले की जांच कराने की मांग की है। वहीं सदर कोतवाली क्षेत्र में अज्ञात अधेड़ का शव संदिग्ध हालात में सड़क किनारे मिला है।
नंदाखेड़ा गांव निवासी प्रमोद कुमार मजदूरी करता है। शनिवार की रात उसकी पत्नी किरन (26) की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। परिवारीजनों को इसकी जानकारी हुई तो उनमें हड़कंप मच गया। परिवार के लोग महिला को लेकर लालगंज सीएचसी पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना मृतका के मायके लालदेव का पुरवा कोतवाली लालगंज पहुंची तो वहां कोहराम मच गया। विवाहिता की मां प्रेमा देवी ने पुलिस को तहरीर दी। उसका कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराकर जांच कराई जाए। प्रेमा देवी की शिकायत पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसओ विद्या सागर पाल का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।
वहीं सदर कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ रोड स्थित चंपा देवी मंदिर के पास एक अधेड़ की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव सड़क किनारे पड़ा था। उधर से गुजर रहे राहगीरों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। एसएसआई सुरखाब खान ने घटनास्थल पर पहुंच कर छानबीन की। पुलिस के काफी प्रयास के बाद भी मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। 50 वर्षीय इस व्यक्ति की मौत कैसे हुई इसका पता नहीं चल सका। कोतवाल संजय नाथ तिवारी का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के लिए भेजा गया है। पुलिस उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।