रायबरेली (ब्यूरो)। शहर के प्रधान डाकघर में तैनात महिला डाक सहायक ने रविवार शाम को कार्यवाहक पोस्टमास्टर, कैश इंचार्ज समेत तीन डाक कर्मियों के खिलाफ मारपीट व छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है। उधर, प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि डाक सहायक ने ही अफसरों से अभद्रता की थी।
निराला नगर में रहने वाली महिला घंटाघर स्थित प्रधान डाकघर में डाक सहायक पद पर तैनात है। सदर कोतवाली में दी गई तहरीर में महिला डाक सहायक ने कहा है कि शनिवार को कार्यवाहक पोस्टमास्टर रामआसरे, कैश इंचार्ज आरएन पटेल व लिपिक दिग्विजय सिंह ने उसके साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की। डाक सहायक ने इन तीनों पर छेड़छाड़, गालीगलौज व धमकाने का भी आरोप लगाया। सदर कोतवाल संजयनाथ तिवारी का कहना है कि महिला डाक सहायक की तहरीर पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। जांच कराई जा रही है। उधर, प्रत्यक्षदर्शी कर्मचारियों का कहना है कि पहले महिला ने ही तीनों के साथ अभद्र व्यवहार किया है।