महराजगंज (रायबरेली)। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिसकर्मी कितने सजग हैं, ये शनिवार रात एसपी ने औचक निरीक्षण के दौरान खुद देख लिया। उप कोषागार महराजगंज की सुरक्षा में तैनात दो सिपाही शनिवार रात ड्यूटी के दौरान बैरक में सोते मिले। इससे गुस्साए एसपी ने दोनों को जगाया और जमकर फटकार लगाने के साथ ही सस्पेंड कर दिया। पुलिस अधीक्षक राजेश पांडेय शनिवार रात को एकाएक औचक निरीक्षण करने निकले थे। वह उप कोषागार महराजगंज पहुंचे तो सिपाही वीरेंद्र कुमार व राजीव कुमार ड्यूटी के वक्त बैरक में सोते मिले। ये देख एसपी दंग रह गए। उन्होंने सिपाहियों को जगाया और जमकर फटकार भी लगाई। एसपी ने बताया कि दोनों सिपाहियों को निलंबित कर दिया है। उन्होंने महराजगंज कोतवाली में तैनात अन्य सिपाहियों को भी ड्यूटी के प्रति लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी। कहा कि, ड्यूटी में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।