रायबरेली। मृतक आश्रित कोटे में भर्ती के मामले में किए जा रहे टालमटोल को लेकर सोमवार को कुछ युवकों ने बीएसए कार्यालय में घुसकर जमकर हंगामा किया। बीएसए के न मिलने पर बडे़ बाबू के कक्ष में पहुंचकर अभद्रता की और धमकाया। यही नहीं गेट के बाहर प्रदर्शन भी किया। इससे कार्यालय में अफरातफरी मच गई। कर्मचारियों ने युवकों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन न मानने पर कर्मचारियों ने कार्यालय के मुख्य गेट में ताला जड़ दिया और एसपी को मामले की सूचना दी। जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के पहुंचने के बाद मामला शांत हुआ। हालांकि किसी भी ओर से तहरीर नहीं दी गईं है।
बेसिक शिक्षा विभाग में चतुर्थ कर्मी के एक पद के सापेक्ष मृतक आश्रित में भर्ती के लिए चार लोगों ने आवेदन किया है। विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भर्ती प्रक्रिया को फंसाए हुए हैं। इससे आवेदकों को परेशान होना पड़ रहा है। सोमवार को खीरों ब्लॉक क्षेत्र का एक आवेदक आठ-दस लड़कों के साथ पूर्वाह्न करीब 11 बजे बीएसए कार्यालय पहुंचा। पहले बीएसए का पता लगाया, लेकिन उनके न मिलने पर वह सीधे बडे़ बाबू सुग्रीव शर्मा के कक्ष में पहुंच गया और बडे़ बाबू को युवकों ने भला-बुरा कहना शुरू कर दिया। युवकों के हंगामे से बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई। कर्मचारियों ने कार्यालय के मुख्य गेट में ताला बंद कर दिया और फोन से एसपी को सूचना दी। उनके आदेश पर शहर कोतवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने किसी तरह मामले को शांत कराया।
प्रभारी बीएसए ने युवकों को बाद में आकर बीएसए से बात करने की बात कही। करीब आधे घंटे के हंगामे के बाद युवक लौट गए। बड़े बाबू सुग्रीव शर्मा का कहना है कि अभद्रता करने वाले युवक की भर्ती चतुर्थ श्रेणी के लिए होनी है, लेकिन वह बाबू के लिए प्रयासरत है। चूंकि बाबू का पद रिक्त नहीं है, इसलिए उसका चयन नहीं हो सकता है। साथियों के साथ आकर आवेदक ने बेवजह अभद्रता की। कोतवाली प्रभारी एसएन तिवारी का कहना है कि मौके पर जाकर मामले को शांत करा दिया गया है। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।