रायबरेली। मौसम में हो रहा बदलाव लोगों की परेशानी का सबब बनने लगा है। वजह संक्रामक बीमारी का खतरा बढ़ गया है। बुखार की चपेट में आने से शुक्रवार को एक महिला की मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोग डायरिया की चपेट में आने से जिला अस्पताल में भर्ती किए गए। डॉक्टरों का कहना है कि बदलते मौसम में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
हरचंदपुर ब्लॉक क्षेत्र के रामपियारी (55) को कई दिन से बुखार आ रहा था। परिवारीजनों के मुताबिक, सीएचसी में इलाज कराया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। शुक्रवार को रामपियारी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सुबह उसने दम तोड़ दिया। इसी तरह करिश्मा निवासी पूरे बेथू लालगंज, संजय निवासी घूराडीह, दीपेंद्र तिवारी निवासी अमरीशपुरी कॉलोनी शहर, सुषमा निवासी बेतौरा फुरसतगंज, हीरालाल निवासी चकभीखमपुर, ज्ञानप्रताप सिंह निवासी मलिकमऊ शहर, वसीम निवासी खीरों, बिंदादेई निवासी बंदरामऊ, शिवप्यारी निवासी संदीराम अमावां को डायरिया से बीमार होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीएमएस डॉ. बीपी शुक्ला का कहना है कि अस्पताल आने वाले रोगियों का बेहतर इलाज किया जा रहा है।