सलोन (रायबरेली)। कस्बे में एक ही रात में चोरों ने ताबड़तोड़ तीन दुकानों के ताले और शटर तोड़ दिए। खटरपटर की आवाज होने पर आसपास के लोगों के जाग जाने से चोर केवल पेंट की दुकान पर ही चोरी कर पाए। कहने को तो मुख्य चौराहे पर 24 घंटे पुलिस पिकेट मौजूद रहती है, पर तीनों दुकानों के शटर टूटने से पुलिस गश्त की कलई खुल गई। घटना के बाद व्यापारियों में जबरदस्त आक्रोश है। उनका कहना है कि यदि पुलिस का रवैया न बदला तो आंदोलन किया जाएगा।
पहली घटना रायबरेली-प्रतापगढ़ राजमार्ग स्थित विशाल टाकीज के सामने हुई। यहां पर चोरों ने नवीन मिनरल स्टोर की दुकान का शटर तोड़ दिया और यहां से पांच हजार रुपये व 20 हजार का सामान चुरा ले गए। सुबह पड़ोसियों ने दुकान संचालक इशरत अली उर्फ मुन्ना को सूचना दी। इशरत ने बताया की नकदी समेत 25 हजार का सामान चोर चुरा ले गए हैं। दूसरी घटना में चोरों ने सलोन-मानिकपुर रोड पर स्थित अमन बुक डिपो की दुकान की पीछे की दीवार काट दी। इसी दौरान आसपास के लोग जाग गए और चोर भाग निकले। यहां से चोर चंद्रशेखर रस्तोगी के सोनार घर का शटर तोड़ने का प्रयास किया। चोर बल्ली के सहारे शटर तोड़ रहे थे। इसी दौरान खटपट की आवाज सुनकर चौकीदार सजलू जाग गया। इस पर चोर बल्ली और अपनी एक शॉल छोड़कर भाग गए। पेंट दुकान के संचालक इशरत ने पुलिस को तहरीर दी है, पर केस दर्ज नहीं किया गया है।