लालगंज (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में सोमवार शाम आठ साल की बच्ची के साथ दुराचार का मामला प्रकाश में आया। दरिंदे ने अपने एक सहयोगी की मदद से बच्ची को उस वक्त हवस का शिकार बनाया जब वह अपनी छोटी बहन के साथ खेत की ओर गई थी। मामले में बच्ची के परिवारीजनों ने मंगलवार को दो लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस घटना की पड़ताल कर रही है।
पीड़ित बच्ची ने बताया कि 24 जून की शाम वह अपनी छह वर्षीय छोटी बहन के साथ घर के बाहर नित्यक्रिया के लिए गई थी। तभी पहले से घात लगाए बैठे पूरे भिखिया मजरे बहाई गांव निवासी सत्येंद्र लोनिहा पुत्र शिवबरन लोनिहा और जंगबहादुर लोनिहा पुत्र मुन्ना उसे जंगल की ओर घसीट ले गए। आरोपियों ने पहले उसे मारापीटा फिर सत्येंद्र ने जंगबहादुर की मदद से दुष्कर्म किया। बच्ची ने बताया कि आरोपियों ने उसे किसी से कुछ बताने पर जान से मार डालने की धमकी दी। बच्ची आरोपियों के चंगुल से छूटकर घर आई और परिवारीजनों को आपबीती बताई। इस पर परिवारीजनों ने कोतवाली जाकर पुलिस को तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक आलोक दुबे ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर पीड़ित बच्ची को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया है।