फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रिक्शाचालक को जिंदा गाड़ा

Tue, 23 Apr 2013 05:30 AM IST
Raebareli
विज्ञापन
विज्ञापन
लालगंज (रायबरेली)। शराब के नशे में धुत दो युवकों ने रविवार रात एक रिक्शा चालक की जमकर पिटाई कर दी। इसमें वह बेहोश हो गया। इसके बाद दोनों युवकों ने उसे तालाब के किनारे जिंदा दफना दिया। मौके पर मौजूद चालक के पुत्र ने वाकया देख शोर मचाया और घर पर सभी को सूचना दी। परिवारीजन व ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और चालक को बाहर निकाला। सूचना पर पुलिस भी पहुंची और रिक्शा चालक को सीएचसी भेजा। जहां से हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्जकर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
विज्ञापन

बसंतपुर कठोइया गांव निवासी रामू लोध (30) पुत्र बिंदादीन लोध ने बताया कि वह अपनी ससुराल पूरे नवरंग मजरे आलमपुर गांव में रहता है। वह रिक्शा चलाता है। रामू ने बताया कि रविवार को गांव के ही रामू पासी के घर पर मुंडन संस्कार था। रात में नाच हो रहा था। वह रिक्शा चलाकर वापस आया और रिक्शा खड़ा करके नाच देखने लगा। तभी गांव के ही सुजीत पुत्र छोटेलाल पासी व लाला पासी नशे में धुत होकर आए और उसका रिक्शा लेकर भागने लगे। रामू ने बताया कि वह रिक्शे के साथ उनके पीछे भागा। रेलवे स्टेशन के पीछे (गांव के पास) स्थित तालाब के पास दोनों आरोपी रुक गए। पीड़ित ने जब रिक्शा वापस करने की बात कही तो नशे में धुत दोनों आरोपियों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। पिटाई से वह बेहोश हो गया और वहीं गिर गया। आरोपियों ने उसे मृत समझकर तालाब के किनारे जिंदा दफना दिया। रिक्शा चालक के पुत्र मोनू (7) ने पूरा वाकया देखा और शोर मचाते हुए घर पर परिवारीजन को बताया। ग्रामीण व परिवारीजन घटनास्थल पर पहुंचे और रामू को बाहर निकाला। रामू ने सोमवार को दोनों आरोपियों के विरुद्ध पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने घायल को सीएचसी भेजा। जहां हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। प्रभारी निरीक्षक आलोक दुबे ने बताया कि आरोपी और रिक्शा चालक तीनों नशे में धुत थे। रिक्शा चालक की पिटाई करके उसे तालाब के किनारे जहां कीचड़ था, वहां फेंका गया। रिक्शा चालक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी सुजीत को गिरफ्तार कर लिया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें