ऊंचाहार (रायबरेली)। थाना क्षेत्र के महेशीपुर गांव में सोमवार को धनकुट्टी (धान कूटने की मशीन) में साड़ी फंसने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब वह कुटाई के लिए धान को धनकुट्टी में डाल रही थी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ऊंचाहार थाना क्षेत्र के महेशीपुर मजरे अरखा गांव में जगन्नाथ ने धनकुट्टी लगा रखी है। सोमवार को जगन्नाथ की पत्नी निशा (34) ने धान कूटने के लिए धनकुट्टी चला रखी थी। बताते हैं कि वह मशीन में धान डाल रही थी कि इसी बीच अचानक उसकी साड़ी का पल्लू पट्टे में फंस गया। साड़ी फंसते ही पट्टे ने महिला को खींच लिया और वह कई बार पट्टे के साथ घूम गई। इस हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और गांव के तमाम लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद घर में कोहराम मच गया है। परिवारीजन रो-रोकर बेहाल थे। एसओ परशुराम का कहना है कि मामले की पड़ताल की जा रही है।