महराजगंज (रायबरेली)। रोडवेज बस से मायके से ससुराल आ रही महिला का करीब 70 हजार रुपये का जेवर उचक्कों ने उड़ा दिया। महिला के चिल्लाने पर बस यात्रियों ने दोनों उचक्कों को दबोच लिया और और उनकी जमकर पिटाई की। इसके बाद दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया। कोतवाल केआर वेदवान का कहना है कि महिला की तहरीर पर मुकदमा लिखा जा रहा है।
बाराबंकी जिले के बारा गांव की रहने वाली महिला अंशू देवी पत्नी राजकुमार रायबरेली-हैदरगढ़ के बीच चलने वाली रोडवेज बस से सोमवार को अपने मायके आ रही थी। रास्ते में उसका जेवरों से भरा बैग उचक्कों ने उड़ा दिया। इसकी जानकारी होने पर बस यात्रियों ने दो उचक्कों को दबोच लिया और उनकी जमकर पिटाई की। बस महराजगंज पहुंची तो उचक्कों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। महिला अपने भाई प्रमोद के ससुराल आ रही थी। इस घटना से बस में अफरातफरी मच गई।