रायबरेली। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से 12 अक्तूबर को दो पालियों में पीसीएस परीक्षा कराई जाएगी, जिसमें 9216 अभ्यर्थी शामिल होंगे। सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कराई जा रही हैं।
जिलेभर में 22 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। हर परीक्षा केंद्र पर सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात कर दिए गए हैं। केंद्र व्यवस्थापक के साथ ही सह केंद्र व्यवस्थापक भी लगाए गए हैं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
पीसीएस परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली के लिए सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली के लिए दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक समय निर्धारित किया गया है। जिलेभर में 22 परीक्षा केंद्र बने हैं, जिनमें ज्यादातर केंद्र शहर क्षेत्र में आते हैं।
इसके अलावा देदौर, खागीपुर सड़वा, लालगंज, ऊंचाहार, महराजगंज, सलोन, सतांव, ऐहार, डलमऊ, घुरवारा, बछरावां में भी केंद्र बनाए गए हैं। अभ्यर्थियों को सघन तलाशी के बाद प्रवेश मिलेगा। गेट पर मेटल डिटेक्टर से चेकिंग के बाद बायोमैट्रिक डाटा स्कैन भी किया जाएगा।
हर परीक्षा केंद्र पर केंद्र व्यवस्थापक, सह केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर मजिस्ट्रेट व स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती हो चुकी है। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर एक उपनिरीक्षक के साथ तीन पुरुष सिपाही व दो महिला सिपाही भी तैनात रहेंगे। सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ ही सशस्त्र पुलिसकर्मी रहेंगे।
परीक्षा केंद्रों के अंदर सीसीटीवी कैमरे भी निगरानी करेंगे, वहीं केंद्र के आसपास कड़ा पहरा रहेगा। तैयारियों के मद्देनजर बैठकें हो चुकी हैं। सभी संबंधित अफसरों से कहा गया कि आयोग की गाइडलाइन के अनुरूप सभी तैयारियां समय से पूरी कर लें।