हरचंदपुर (रायबरेली)। थाना क्षेत्र के श्रद्धा का पुरवा मजरे बाला गांव में मंगलवार को दो गुटों के बीच रंजिश के चलते बवाल हो गया।
पथराव के साथ असलहों से फायरिंग की गई। फायरिंग से दो लोगों को गोली लग गई, जिन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।
इसके अलावा मारपीट व पथराव में तीन लोग घायल हुए। सूचना पर यूपी-100 टीम मौके पर पहुंची। पुलिस का दावा है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
श्रद्धा का पुरवा मजरे बाला गांव निवासी चंद्रशेखर और विष्णु के बीच सुबह रंजिश के चलते गाली-गलौज के साथ मारपीट हो गई। दोनों तरफ से पथराव किया गया।
इसी बीच किसी पक्ष की तरफ से असलहों से फायरिंग भी कर दी गई। फायरिंग में विष्णु के कलाई के ऊपर गोली लगी, जबकि चंद्रशेखर की तरफ से धुन्नीलाल के बांह में गोली लगी।
इसके अलावा मारपीट व पथराव में चंद्रशेखर, चंद्रवती, ज्योति घायल हुई। सूचना पर यूपी-100 पुलिस गांव पहुंची और गोली लगने से घायल धुन्नीलाल व विष्णु को जिला अस्पताल पहुंचाया।
एसओ सचिन गुप्ता ने बताया कि दो पक्षों के बीच विवाद हुआ है। कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर जांच करके कार्रवाई होगी।