रायबरेली। प्रधान व बीडीसी के रिक्त पांच पदों के लिए हुए मतदान के बाद मंगलवार को मतगणना हुई। पांच पदों में चार पर आधी आबादी का कब्जा रहा।
खीरों ब्लॉक के ऐंधी गांव में प्रमोद कुमार निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुए तो दीनशाह गौरा ब्लॉक के रायपुर कितूली में सास की सीट पर बहू प्रधान बनीं।
मंगलवार सुबह कड़ी सुरक्षा में ब्लॉक मुख्यालयों पर मतगणना शुरू हुई। कुछ ही देर बाद रिजल्ट आ गया। खीरों प्रतिनिधि के अनुसार, ऐंधी ग्राम पंचायत में प्रधान पद के लिए एक नामांकन पत्र आने के बाद मंगलवार को प्रमोद कुमार यादव पुन: प्रधान पद पर निर्विरोध निर्वाचित किए गए।
सहायक निर्वाचन अधिकारी लालमणि ने प्रमाणपत्र दिया। क्षेत्र की 11 ग्राम पंचायतों में नामांकन न होने से रिक्त चल रहे ग्राम पंचायत सदस्यों के 17 पद खाली रह गए।
ऊंचाहार प्रतिनिधि के अनुसार ग्राम पंचायत आइमा जहनियां में बीडीसी पद के लिए मतगणना हुई। आरती देवी को 575 मत मिले, जबकि सुमन को 384 मत से संतोष करना पड़ा। आरती को विजयी घोषित किया गया।
राही प्रतिनिधि के अनुसार अयासपुर डीही में हुई मतगणना में सुषमा यादव ने 563 मत पाकर 224 मतों के अंतर से जीत दर्ज कराई। सविता मौर्या को मात्र 339 मत ही मिले।
निर्वाचन अधिकारी रमेश कुमार ने जीत का प्रमाणपत्र दिया। शिवगढ़ प्रतिनिधि के अनुसार, ग्राम पंचायत रामपुरटिकरा में प्रधान पद के लिए हुए मतदान के बाद ब्लॉक सभागार में मतगणना हुई।
विजेता श्यामा देवी को 541 मत मिले। दीनशाह गौरा ब्लॉक की ग्राम पंचायत रायपुर कितूली में प्रधान की मृत्यु के चुनाव हुआ। मंगलवार को हुई मतगणना में ललिता देवी निर्वाचित घोषित की गईं। उन्हें 280 मत एवं दूसरे स्थान पर रही प्रेमा देवी को 235 वोट मिले।