छज्जा ढहा, राजगीर की मौत, बेटी घायल
रायबरेली। मिल एरिया थाना क्षेत्र के देवानंदपुर में बुधवार रात छज्जा गिरने से एक राजगीर की मौत हो गई, जबकि उसकी बेटी घायल हो गई।
यह हादसा उस समय हुआ, जब पिता-पुत्री छज्जे के नीचे अलग-अलग चारपाई पर सो रहे थे। हादसे के बाद मलबा हटाकर दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां राजगीर को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
जबकि घायल युवती को भर्ती कर लिया गया। ग्रामीणों की मानें तो इस छज्जे को मृतक ने ही बनाया था। उसका बनाया हुआ छज्जा ही उसकी मौत का सबब बन गया।
देवानंदपुर निवासी गंगा प्रसाद (40) रात में छज्जे के नीचे सो रहा था। बगल में ही उसकी बेटी सोनी (18) अलग चारपाई पर सो रही थी।
गंगा प्रसाद राजगीर था। इसी बीच देर रात अचानक छज्जा ढह गया। इससे गंगा प्रसाद की मौत हो गई, जबकि उसकी बेटी सोनी घायल हो गई।
बताते हैं कि गंगा प्रसाद राजगीर था। उसने अपना छज्जा खुद डाला था। ग्रामीणों की मानें तो छज्जा बनाने में निर्माण सामग्री गुणवत्तापूर्ण नहीं थी। सूचना पर पहुंचे एसओ एके सिंह ने सोनी का अस्पताल में इलाज कराया। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।