दो भाइयों समेत तीन लोगों को दौड़ाकर पीटा
परशदेपुर (रायबरेली)। नसीराबाद थाना क्षेत्र के डीघा गांव में दबंगों ने एक घर में घुसकर न सिर्फ जमकर तांडव मचाया, बल्कि दो भाइयों समेत तीन लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।
इस दौरान महिलाओं से अभद्रता की और जान से मारने की धमकी दी। इस घटना से पीड़ित परिवार दहशत में है। घायलों का सीएचसी में मेडिकल कराया गया।
एक्सरे के लिए जिला अस्पताल भेजा। सोमवार को घायलों का जिला अस्पताल में एक्सरे किया जाएगा। एसओ जेपी यादव का कहना है कि केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही हमलावरों पर कार्रवाई की जाएगी।
नसीराबाद थाना क्षेत्र के डीघा गांव की रहने वाली प्रेमा देवी ने शनिवार को धूप में धान सुखाने के लिए घर के बाहर फैला रखा था।
इसी दौरान पड़ोसी संतराम का सूकर धान खाने लगा। प्रेमा और उसके परिवार वाले शिकायत करने संतराम के घर पहुंचे तो उनके साथ न सिर्फ अभद्रता की गई, बल्कि गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
कुछ देर बाद संतराम के परिवार ने प्रेमादेई के घर पर धावा बोल दिया और घरवालों को दौड़ा-दौड़ाकर लाठी-डंडो से पीटा। इसमें किसी का सिर फट गया तो किसी के हाथ में फैक्चर हो गया।
इसमें बुधराम, सुखराम और रोशनलाल घायल हो गए। पीड़ित परिवार ने यूपी 100 को फोन किया। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो हमलावर फरार हो गए।
पुलिस ने पीड़ित परिवार को सीएचसी नसीराबाद ले जाकर इलाज कराया और फिर थाने पहुंचाया। दबंगों की पिटाई से पीड़ित परिवार में दहशत है।
दबंग परिवारीजनों को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। एसओ ने बताया कि प्रेमा देवी की तहरीर पर गांव के संतराम, रजिंद्र पुत्रगण परसू और अनिल कुमार पुत्र संतराम के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
सीएचसी में इलाज कराया गया। एक्सरे रिपोर्ट के आधार पर अन्य धाराओं में मुकदमा तरमीम करके आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।