बच्ची समेत चार को कुत्तों ने काटा
जगतपुर (रायबरेली)। सीतापुर के बाद अब जिले में भी कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। जगतपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को कई गांवों में कुत्तों ने बच्ची समेत तीन युवकों को काटकर घायल कर दिया।
ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर पहुंचे तो लोगों की जान किसी तरह बची। सभी का सीएचसी में इलाज कराया गया। इन घटनाओं को लेकर वन विभाग और पशुपालन विभाग के अधिकारी गंभीर नहीं दिख रहे हैं।
जगतपुर ब्लॉक क्षेत्र के रामगढ़ निवासी रामबहादुर (65), पूरे त्रिलोक निवासी श्याम बहादुर (45), पूरे केशव निवासी श्रीपाल (50), जगतपुर निवासी आराध्या (3) पुत्री अर्जुन को कुत्तों ने काट लिया।
बताते हैं कि चारों लोग गांव में घूम रहे थे। इसी दौरान कुत्तों ने हमला बोल दिया। घटना के बाद सभी घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जगतपुर में इलाज किया गया।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. मनोज कुमार शुक्ला ने बताया कि सभी घायल अलग-अलग गांव से आए हैं, जिनको कुत्तों ने काट लिया था।
इलाज कराने के बाद सभी घर चले गए। इन घटनाओं से जाहिर है कि कुत्तों का आतंक बढ़ रहा है। इससे पहले सलोन, बछरावां, डलमऊ थाना क्षेत्र में कुत्तों ने हमला बोलकर लोगों को घायल कर चुके हैं। जगतपुर एसओ आरके सिंह का कहना है कि लोगों से कुत्तों से सतर्क रहने के प्रति जागरूक किया जा रहा है।