प्रेमराजपुर में निकले तीन अजगर, हड़कंप
राही (रायबरेली)। प्रेमराजपुर गांव में एक साथ तीन-तीन अजगर निकलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंचे वन विभाग के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद अजगर को पकड़कर जंगल में छोड़ा, तब जाकर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
प्रेमराजपुर मजरे चक पचखरा के ग्रामीण सुबह खेतों की तरफ जा रहे थे। तभी प्राथमिक विद्यालय से कुछ दूरी पर स्थित झाड़ियों में एक अजगर देखा।
अजगर निकलने की जानकारी होने पर ग्रामीणों का मजमा लग गया। इसकी जानकारी वन विभाग के अधिकारियों को दी गई।
सूचना पर वन दरोगा रामअधार, वन रक्षक विनोद सिंह, गंगा प्रसाद यादव, हरिश्चंद्र मौके पर पहुंचे। ग्रामीण रामकुमार, शिवदयाल, अखिलेश कुमार, शिवशंकर की मदद से एक अजगर को पकड़ा गया, तब तक दूसरा अजगर भी उसी जगह रेंगते हुए दिखा।
कुछ देर बाद तीसरा अजगर भी झाड़ियों से निकल आया। वन दरोगा ने बताया कि इन अजगरों को जंगल में छोड़वा दिया गया है। इन अजगरों की लंबाई 10, 8 व पांच फीट है।