एनटीपीसी हादसा : बीएचईएल अफसरों ने की पड़ताल
रायबरेली। बीएचईएल और पावर मैक के अफसरों ने शुक्रवार को एनटीपीसी ऊंचाहार की छठवीं यूनिट में हुए विस्फोट की पड़ताल शुरू कर दी है। अधिकारी यह जानने का प्रयास कर रहे हैं कि आखिर हाल ही में शुरू हुई यूनिट में ऐसी में कौन सी खामी रह गई जो बॉयलर में विस्फोट हो गया। विस्फोट के कारणों की जानकारी के लिए कानपुर से दो सदस्यीय टीम यहां पहुंची। दिनभर छानबीन करने के बाद कानपुर लौट गई।छठवीं यूनिट का काम पावर मैक कंपनी करा रही है।
एनटीपीसी की छठवीं यूनिट का निर्माण कार्य बीएचईएल (भेल) को दिया गया था जिसने निर्माण की जिम्मेदारी पावर मेक कंपनी को सौंपी थी। एनटीपीसी के अफसरों के दबाव में कंपनी ने निर्माण कार्य तेजी से कराकर मार्च 2017 मेें यूनिट को पूरा कर दिया। इसके बाद ट्रायल किया गया। सब कुछ ठीक होने के बाद पखवारे भर पहले छठवीं यूनिट से उत्पादन शुरू हो गया। बुधवार को यूनिट का बॉयलर फटने से कुल 32 लोगों की जान गईं और काफी लोग घायल हुए। हादसे की पड़ताल के लिए बीएचईएल के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर की अगुवाई में शुक्रवार को एक टीम यहां पहुंची। टीम के साथ निर्माता कंपनी पावर मेक के अधिकारी भी थे। अफसरों ने दिन भर ब्लास्ट वाले स्थान और यूनिट परिसर का जायजा लेकर यह जानने का प्रयास किया कि आखिर यह सब कैसे हो गया। टीम शनिवार को फिर छठवीं यूनिट में जांच की कवायद करेगी। उधर कानपुर से निदेशक बॉयलर टीम के साथ एनटीपीसी पहुंचे। उन्होंने यह जानने का प्रयास किया कि बॉयलर में कमी थी या फिर किसी तकनीकी खामी की वजह से हादसा हुआ। एनटीपीसी के जीएम आरके सिन्हा का कहना है कि छठवीं यूनिट की पड़ताल के लिए बीएचईएल के अधिकारी आए हुए हैं। उन्होंने बताया कि भेल के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर की अगुवाई में टीम आई है। उन्होंने कानपुर से आए निदेशक बॉयलर की छानबीन को रूटीन बताया।
दिल्ली से जल्दी आएगी जांच टीम
हादसे की जांच के लिए जल्दी ही दिल्ली से एनटीपीसी के वरिष्ठ अधिकारियों की जांच टीम आने वाली है। जीएम आरके सिन्हा ने बृहस्पतिवार को बताया था कि एनटीपीसी के अधिशासी निदेशक परिचालन सेवाएं एसके राय, बीएचईएल के अधिकारी कुमार सोमैया और एनटीपीसी के महाप्रबंधक यांत्रिक उदयन कुमार हादसे की जांच करेंगे। माना जा रहा है कि यह टीम भी जल्दी ही जांच के लिए यहां पहुंचेगी।