रायबरेली। हरचंदपुर थाना क्षेत्र में चोरी करने पर एक दुकानदार ने दुकान में काम करने वाले युवक को तालिबानी सजा दी। युवक की न सिर्फ बेरहमी के साथ पिटाई की, बल्कि उसके सिर पर मैं चोर हूं लिखकर पूरे क्षेत्र में घुमाया।
पांच दिन बाद रविवार को वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। पुलिस भी हरकत में आई। पीड़ित की तहरीर पर दुकानदार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
लालगंज निवासी युवक हरचंदपुर कस्बे में राजेंद्र साहू की परचून की दुकान में पांच साल से मजदूरी कर रहा था। युवक पर चोरी का इल्जाम लगाकर छह फरवरी 2019 को दुकानदार ने पहले उसे जमकर पीटा। इतना ही नहीं दुकानदार ने युवक के सिर पर मैं चोर हूं लिखकर पूरे क्षेत्र में घुमाया।
कार्यवाहक एसओ आशीष तिवारी ने बताया कि युवक परिचित लोगों को युवक अधिक सामग्री दे देता था। इसके बाद परिचितों से बाहर जाकर अधिक सामग्री के रुपए लेता था। युवक की तहरीर पर दुकानदार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
वहीं युवक समेत 11 लोगों के खिलाफ भी हरचंदपुर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। दुकानदार राजेंद्र साहू की तरफ से लिखाई गई एफआईआर में कहा है कि युवक ने अपने साथियों के साथ दुकान में आकर मारपीट की।
कार्यवाहक एसओ आशीष तिवारी का कहना है कि दुकानदार राजेंद्र साहू की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की भी जांच कराई जा रही है।