रायबरेली। पुलिस भर्ती परीक्षा में दूसरे की परीक्षा देने वाला आरोपी बहुत शातिर है। रुपये की खातिर वह बेरोजगारों को शिकार बनाता था। और उनकी जगह परीक्षा में भाग लेता था। पुलिस भर्ती परीक्षा में एक अभ्यर्थी को पास कराने के नाम पर एक लाख रुपये का सौदा तय किया था। एडवांस में 14 हजार रुपये भी ले लिए थे।
गुरुबख्शगंज पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो उसने सारा राज उगल दिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी राम प्रवेश उर्फ बनरा कई बार अपने बयान बदल रहा था, लेकिन खाकी की सख्ती के आगे उसकी नहीं चली। सोमवार को पुलिस ने आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया। आरोपी के पास से 14 हजार रुपये बरामद कर लिए गए हैं।
एसपी सुनील कुमार सिंह ने पकड़े गए आरोपी के बारे में जानकारी दी। एसपी के मुताबिक रविवार को पुलिस भर्ती परीक्षा चल रही थी। गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र के बल्लभ भाई पटेल इंटर कॉलेज देदौर की केंद्र व्यवस्थापक सारिका चौधरी की शिकायत पर गुरुबख्शगंज एसओ विनोद कुमार सिंह ने बिहार के बैशाली जिले के जनदाहा थाना क्षेत्र के नरहपुर निवासी रामप्रवेश उर्फ बनरा को दबोच लिया था।
एसपी के मुताबिक आरोपी राम प्रवेेश अभ्यर्थी चित्रकूट जिले के बियावल निवासी वरुण सिंह के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। अभ्यर्थी वरुण को पुलिस भर्ती परीक्षा में पास कराने के नाम पर एक लाख में सौदा किया था। एडवांस में 14 हजार रुपये भी ले लिया था।
खुद अपने बुने जाल में फंस गया मुन्नाभाई
पुलिस भर्ती परीक्षा में पकड़ा गया मुन्नाभाई खुद अपने बुने जाल में फंस गया। एसपी के मुताबिक अभ्यर्थी वरुण सिंह के स्थान पर मुन्नाभाई परीक्षा दे रहा था। केंद्र व्यवस्थापक की ओर से डिवाइस-टैबलेट में लोड फोटो से प्रवेश पत्र की फोटो की मिलान की गई तो उसमें अभ्यर्थी वरुण सिंह की फोटो लगी मिली। इससे तय हो गया है कि आरोपी राम प्रवेश दूसरी जगह पर बैठकर परीक्षा दे रहा है। शिकायत पर पुलिस ने पूछताछ की तो उसने गुमराह करने की कोशिश की। पहले तो आरोपी अभ्यर्थी को अपना भाई बता रहा था। पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो उसने सही बात बताई।
चंदन और अमित ने कराई थी सेटिंग
एसपी के मुताबिक इलाहाबाद में रहने वाले चंदन पटेल और अमित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराते हैं। आरोपी इन दोनों का करीबी है। चंदन और अमित ने अभ्यर्थी वरुण सिंह की मुलाकात आरोपी से कराई थी। इस पर आरोपी ने कहा था कि हम गारंटी लेते हैं कि पुलिस भर्ती परीक्षा में पास करा देंगे। इसके बदले एक लाख रुपये लेंगे। पहले 14 हजार रुपये दे दो।