डलमऊ (रायबरेली)। नहाते समय शनिवार को चार दोस्त गंगा में डूब गए। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने किसी तरह तीन साथियों को तो निकाल लिया लेकिन एक किशोर गहरे पानी में समा गया।
उधर, घटना की जानकारी मिलते ही हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किशोर का पता लगाने के लिए गोताखोर लगाए गए हैं।
लेकिन देर रात तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका था। बताते हैं कि चारों दोस्त बरसात होने के कारण स्कूल नहीं गए थे और बाइक से गंगा स्नान करने पहुंच गए थे।
भदोखर थाना क्षेत्र के सुलखियापुर गांव निवासी शिवम (17), हरिओम (18), आदित्य (18) मुंशीगंज स्थित हेमकुंड पब्लिक स्कूल में कक्षा नौ के छात्र हैं।
बारिश के कारण शनिवार को तीनों स्कूल नहीं गए थे। इसी बीच घर में बिना बताए तीनों दोस्त गांव के ही राहुल (20) के साथ दो बाइकों से गंगा स्नान करने डलमऊ पहुंच गए।
रानी शिवाला घाट पर चारों दोस्त नहाते समय अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उनका शोर सुनकर घाट किनारे मौजूद लोगों ने नदी में कूदकर हरिओम, आदित्य और राहुल को तो बाहर निकाल लिया।
लेकिन शिवम नदी की मुख्यधारा में बहने लगा और जब तक गोताखोर उसे बचाने का प्रयास करते गहरे पानी में समा गया। सूचना पर मौके पर पहुंची डलमऊ पुलिस ने गोताखोरों तथा नाव के सहारे जाल डालकर शिवम का पता लगाने की कोशिश की लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
आदित्य व हरिओम ने बताया कि बरसात के कारण स्कूल नहीं गए थे। इसी बीच गंगा में नहाने का प्लान बन गया। नदी में डूबे शिवम के पिता गिरजा शंकर ने बताया कि बच्चे बिना बताए गंगा में नहाने गए थे।
कोतवाल लक्ष्मीकांत मिश्रा ने बताया कि चार दोस्त गंगा नहाने आए थे। तीन साथियों को तो बचा लिया गया, लेकिन शिवम डूब गया।