लालगंज (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में रविवार की रात चोरों ने तीन घरों से नकदी समेत आठ लाख रुपये के जेवरात पार कर दिए। सुबह जानकारी हुई तो पुलिस के द्वारा कागजी कार्रवाई की गई और घटना के खुलासे की बात कही गई।
कोतवाली क्षेत्र के पूरे बंधन सिंह का पुरवा मजरे मीठापुर गांव में चोरों ने अजय सिंह के घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। कमरों में रखे सोने-चांदी के जेवरात और कीमती सामान पार कर दिया। सुबह घर वालों को जानकारी हुई। वहीं सरेनी थाना क्षेत्र के पूरे अवदान सिंह मजरे झामपुर की रहने वाली अनीता पत्नी लक्ष्मीशंकर लालगंज के पूरे देवी बख्शी नगर मोहल्ले में मकान बनाकर रहती हैं। दो दिन पहले परिवार और बच्चों के साथ अपने गांव गई थी।
सोमवार को जब घर लौटी तो दरवाजे का ताला टूटा था। अंदर जाकर देखा तो बक्से और अलमारी खुले थे। चोर बक्से में रखे जेवरात व 10 हजार रुपये नकद चुरा ले गए। इसी तरह मोहल्ले के ही विवेक सिंह के सूने पड़े मकान में भी चोरों ने हाथ साफ किया। घर में रखे दो गैस सिलिंडर व एक सोने की अंगूठी पार कर दी। पीड़ितों ने बताया कि नकदी समेत करीब आठ लाख रुपये की चोरी हुई है। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया कि जांच कराई जा रही है।