महराजगंज में बृहस्पतिवार को अभियान के दौरान पामोलीन तेल सील करता कर्मचारी।
रायबरेली। त्योहारी सीजन में घटिया मिठाई और मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश के लिए बृहस्पतिवार से अभियान शुरू हुआ। पहले दिन टीम ने सदर और महराजगंज क्षेत्र में छह खाद्य पदार्थों के नमूने भरे। इस दौरान 792 लीटर पामोलीन और सरसों तेल जब्त करने के साथ ही 81 किलो मिठाई भी नष्ट कराई गई।
बृहस्पतिवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी हरेंद्र सिंह, संजय कुमार तिवारी, कंचनलता, सत्येंद्र यादव, उदयराज की टीम ने ने अभियान चलाया। शहर के तकिया चौराहा स्थित गोरई स्वीट़्स से खोवा व छेना का नमूना लेकर 40 किलो खोवा, पांच किलो बूंदी लड्डू, छह किलो मिल्ककेक और 30 किलो मिल्क क्रीम को नष्ट किया। महराजगंज में महराजगंज ट्रेडर्स से पामोलीन ऑयल के दो नमूने लेकर 549 लीटर पामोलीन ऑयल को जब्त कर लिया।
महराजगंज में ही शिव ट्रेडर्स में सरसों तेल के दो नमूने लेकर 253 लीटर सरसों तेल को सीज कर दिया। इसके अलावा 30500 रुपये कीमत की मिठाई को नष्ट कराते हुए 1.30 लाख रुपये कीमत के पामोलीन ऑयल व सरसों तेल को भी सीज किया गया। अभिहीत अधिकारी डॉ. सीआर प्रजापति ने बताया कि दिवाली के मद्देनजर अभियान अभी जारी रहेगा।