रायबरेली। आईजीआरएस पर हुई शिकायत के बाद गुरुवार को एफएसडीए की टीम ने गुरुवार को खीरों में तेल व्यवसायी के गोदाम में छापा मारा। यहां संदिग्ध प्रतीत होने पर 780 लीटर सरसों तेल को सील करके जब्त कर लिया। सरसों तेल का नमूना भी सील करके जांच के लिए भेजा गया है।
इसके अलावा खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने लालगंज, मुराईबाग, सरेनी, राही आदि क्षेत्रों में भी छापा मारकर खाद्य पदार्थों के आठ और नमूने सील करके जांच के लिए भेजा।
शिकायत पर एफएसडीए के अभिहित अधिकारी इंद्र बहादुर यादव ने नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम खीरों कस्बा स्थित पवन कुमार जायसवाल के प्रतिष्ठान पर पहुंची। शिकायत थी कि मिलावटी सरसों तेल की बिक्री की जा रही है।
टीम ने जांच में सरसों तेल संदिग्ध मिलने पर 780 लीटर तेल को सीज करने के साथ ही जब्त कर लिया। एफएसओ अमरनाथ ने सरसों तेल का नमूना भी सील किया। एफएसओ अरुण कुमार ने घोरवारा में राज कुमार की दुकान से काली मिर्च और मुराईबाग में अन्नापूर्णा स्वीट्स भंडार से छेना मिठाई का नमूना सील किया।
एफएसओ स्वाति सिंह ने लोधवारी में रामदयाल के दूध का नमूना सील किया। एफएसओ अपराजिता त्रिपाठी ने चौरसिया मार्केट में जयकिशन की दुकान से बेसन और मेजरगंज निवासी दिनेश कुमार के दूध का नमूना भरा।
एफएसओ नितिन कुमार ने बेनीमाधवगंज में प्रमोद की दुकान से पेड़ा और सरेनी में अविनाश गुप्ता की दुकान से खोवे की मिठाई का नमूना सील किया। अभिहित अधिकारी इंद्र बहादुर यादव ने बताया कि सरसों तेल संदिग्ध प्रतीत होने के बाद सीज किया गया है। नमूने की रिपोर्ट आने के बाद ही उसे रिलीज किया जाएगा।