डलमऊ/सरेनी (रायबरेली)। मौनी अमावस्या पर सोमवार को पतित पावनी गंगा नदी में भक्तों ने आस्था की डुबकी लगाई। इस दौरान घाट गंगा मइया के जयकारे से गूंज उठे। गंगा में स्नान करने के बाद भक्तों ने मंदिरों औैर शिवालयों में पहुंचकर विधिविधान से पूजा-अर्चना की। क्या पुरुष, क्या महिलाएं और बच्चे सभी गंगा स्नान करने पहुंचे। इस दौरान घाटों पर सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस भी तैनात रही।
कड़ाके की ठंड के बाद भी मौनी अमावस्या के अवसर पर डलमऊ में पक्का घाट, कच्चा घाट, रानी शिवाला घाट, संकट मोचन समेत अन्य घाटों पर भोर से ही भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया है। यह सिलसिला दोपहर तक चला। सर्दी के बीच भक्तों ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और गंगा मइया के जयकारे लगाए।
इसके बाद श्रद्धालुओं ने घाटों के पास बने मंदिरों और शिवालयों में पहुंचकर पूजा-अर्चना की। सरेनी क्षेत्र के गेगासो, रालपुर गंगाघाट पर भी हजारों भक्तों ने आस्था की डुबकी लगाई। स्नान के बाद भक्तों ने पूजा-अर्चना भी की।
गेगासो चौकी इंचार्ज जेपी यादव ने बताया कि शांतिपूर्ण ढंग से भक्तों ने गंगा स्नान किया। ऊंचाहार क्षेत्र के गोकना गंगाघाट पर भी भारी संख्या में भक्तों ने पहुंचकर गंगा स्नान किया। ऊंचाहार एसओ धनंजय सिंह ने बताया कि शांतिपूर्ण ढंग से भक्तों ने गंगा स्नान किया।