चांद के दीदार के साथ दी मुबारकबाद, ईद आज
रायबरेली। रहमतों, बरकतों और इबादत के महीने रमजान-मुबारक का आखिरी दिन अलविदा के नाम रहा। दोपहर के वक्त सभी मस्जिदों में उमड़े नमाजियों ने जुमे की नमाज अदा की, फिर मुल्क में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी।
इस दौरान मस्जिदों में ईद जैसा माहौल नजर आया। बाजारों में खरीदार उमड़े। इसके साथ ही ईद की खुशियां छाने लगी। देर शाम इफ्तार के बाद चांद के दीदार हुए तो माहौल पूरी तरह ईद के उल्लास में तब्दील हो गया।
बाजारों में भीड़ उमड़ी तो कई इलाकों में रातभर दुकानें खुली रहीं। मुस्लिम समुदाय के लोगों को एक महीने के रोजे के बाद तोहफे के रूप में मिलने वाली ईद का इंतजार बड़ी बेसब्री से रहता है।
त्योहार को धूमधाम से मनाए जाने के लिए तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। ईदगाहों और मस्जिदों में भी नमाज की तैयारी पूरी हो गई है। घरों में साज-सज्जा कराई जा चुकी है।
कई प्रकार के पकवान भी बन चुके हैं। सेंवई तैयार की जा रही है। शनिवार की ईद की नमाज के बाद जहां लोग गले मिलकर मुबारकबाद देंगे, वहीं एक-दूसरे के घर जाकर मीठी सेंवई तथा लजीज पकवानों का लुत्फ उठाएंगे।