रायबरेली। हरचंदपुर पुलिस व स्वॉट टीम ने अंगूरी गांव में चल रही अवैध असलहा बनाने की एक फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। यह फैक्ट्री गांव के बाहर अंशू सिंह के ट्यूबवेल पर चल रही थी।
पुलिस ने दो शातिरों को मौके से पकड़कर अवैध शस्त्र व उपकरण बरामद किए हैं। एसपी ने पुलिस टीम को 10 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एएसपी शशिशेखर सिंह ने बताया कि हरचंदपुर क्षेत्र के अंगूरी गांव में अवैध शस्त्र बनाने की फैक्ट्री की जानकारी होने पर एसओ बृजमोहन सिंह व स्वाट टीम के प्रभारी राकेश सिंह को भेजा गया था।
टीम ने छापा मारकर अंगूरी निवासी अंशू सिंह, पूरे लखन सिंह मजरे बरगदहा निवासी सूरज सिंह को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि छापे के दौरान मौके से इमामगंज मजरे बल्ला महराजगंज निवासी मनीष यादव भाग निकला।
टीम ने मौके से तीन अवैध असलहों के अलावा ड्रिल मशीन, जोक लोहा, रेती, प्लास, अर्द्धनिर्मित तमंचे व एक बाइक बरामद की है।
एएसपी ने बताया कि इस अवैध कारोबार से जुडे़ अन्य शातिरों का पता लगाया जा रहा है। मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को एसपी ने 10 हजार रुपये का पुरस्कार दिया है।