मजदूरी मांगने पर चौकीदार को बंधक बनाकर पीटा
रायबरेली। भदोखर थाना क्षेत्र के साधन सहकारी समिति खागीपुर सड़वा के चौकीदार की मजदूरी मांगने पर बंधक बनाकर पिटाई कर दी गई। गुस्साए ग्रामीणों ने बुधवार को डीएम व एसपी दफ्तर का घेराव कर कार्रवाई की मांग की। आरोप है कि समिति के कर्मचारियों ने मारपीट की। एसपी ने प्रकरण को संज्ञान में लेते हुए एसओ से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
खागीपुर सड़वा गांव निवासी गुरुदयाल ने बताया कि गांव स्थित साधन सहकारी समिति में अस्थायी रूप से चौकीदार है। अप्रैल 2017 से उसकी मजदूरी नहीं दी गई। मजदूरी मांगने पर उस पर समिति से 219 बोरी डीएपी गायब होने का आरोप लगा दिया गया। समिति के कर्मचारियों और एक शाखा प्रबंधक ने मुंशीगंज में उसे बंधक बना लिया और मारपीट की। चौकीदार की पिटाई से गुस्साए ग्रामीणों ने एसपी व डीएम दफ्तर का घेराव किया और नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। गांव के संदीप, आशू, आजाद, अनुराग, रामकेवल, संगीता कहना था कि चौकीदार का बेवजह उत्पीड़न किया जा रहा है। समिति के कर्मचारियों और एक शाखा प्रबंधक की ओर से मारपीट की गई, जिसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। एसपी शिवहरि मीणा का कहना है कि प्रकरण मेें एसओ से जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। उधर, साधन सहकारी समिति के सचिव संत प्रसाद यादव उर्फ नन्दू यादव का कहना है कि मारपीट का झूठा आरोप लगाया जा रहा है। चौकीदार ने समिति से खाद की बोरी गायब कर दी है। इसलिए दबाव बनाने के लिए ऐसा किया जा रहा है।