ट्रक चालक व खलासी को बंधक बना, 300 बोरी धान लूटा
इन्हौना (रायबरेली)। अमेठी जिले के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र में बदमाशों ने एक ट्रक व चालक को बंधक बनाकर 300 बोरी धान लूटकर फरार हो गए। बदमाशों ने चालक व दुल्हनपुरवा गांव के पास चालक और खलासी के हाथ पैर बांधकर जंगल में फेंक दिया। तमंचे के बल पर दो मोबाइल और पांच हजार रुपये नगद भी लूट लिए। किसी तरह चालक व खलासी मुक्त हुए और सूचना पुलिस को दी, तब तक बदमाश भाग निकले। पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है।
ट्रक चालक शहरयार निवासी पीतमराय थाना भोजीपुरा बरेली व खलासी कालीचरण थाना सुभाषनगर बरेली ने फैजाबाद के गोला बाजार से 405 बोरी धान ट्रक पर लादकर बरेली ले जा रहे थे। शनिवार रात जगदीशपुर थाना क्षेत्र के फैजाबाद रोड स्थित थौरी गांव के निकट दूसरे ट्रक सवार आधा दर्जन लोगों ने ओवरटेक करके धान लदे ट्रक को रोक कर उस पर सवार हो गए। तमंचे के बल पर चालक और खलासी को बंधक बना लिया।
शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत लखनऊ-सुल्तानपुर राजमार्ग पर दुल्हनपुरवा मोड़ के समीप ड्राइवर व खलासी के हाथ पैर बांधकर जंगल में फेंक दिया। ट्रक पर लदे करीब 300 बोरी धान को अपने ट्रक पर लाद लिया। चालक व खलासी के मोबाइल व पांच हजार रुपया पार कर दिया। हाथ पैर बंधे चालक व खलासी किसी तरह मुक्त हुए और यूपी 100 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की। पुलिस मामले को संदिग्ध बता रही है। एसओ जावेद इकबाल ने बताया कि मामले की पड़ताल की जा रही है। मामला संदिग्ध लग रहा है। जांच के बाद रिपोर्ट लिखकर कार्रवाई की जाएगी।