15-गोराबाजर स्थित ग्राउंड में शनिवार को क्रिकेट ट्रायल देते खिलाड़ी। स्रोत एसोसिएशन
रायबरेली। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के संयोजन में रायबरेली डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (आरडीसीए) की ओर से आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय ट्रायल शनिवार को समाप्त हो गया। तीसरे व अंतिम दिन सुबह अंडर-14 के बालकों का ट्रायल हुआ। इसके बाद सभी आयु वर्ग की बालिका एवं महिला खिलाड़ियों ने ट्रायल दिया। ट्रायल में कुल 265 खिलाड़ी शामिल हुए। यूपीसीए से आए चयनकर्ताओं में सभी आयु एवं वर्ग के खिलाड़ियों का चयन कर लिया है, लेकिन सूची जारी नहीं की है।
शहर के गोरा बाजार स्थित एनएस क्रिकेट अकादमी के मैदान में जिला स्तरीय ट्रायल कराया गया, जिसमें रायबरेली जोन के अंतर्गत आने वाले तीनों जिलों रायबरेली, अमेठी व प्रतापगढ़ के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। शुरुआती दो दिन अलग-अलग आयु वर्ग के बालक एवं पुरुष खिलाड़ियों का ट्रायल कराया गया। तीसरे व अंतिम दिन पहले तो अंडर-14 के बालक खिलाड़ियों को मौका मिला, जिसमें 198 खिलाड़ी शामिल हुए। इसके बाद सभी आयु वर्ग की बालिका एवं महिला खिलाड़ियों ने ट्रायल दिया, जिसमें 67 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई।
ट्रायल लेने के लिए यूपीसीए से चयनकर्ता के रूप में आए पूर्व रणजी खिलाड़ी असलम अली और मोहम्मद नबी ने सभी खिलाड़ियों की प्रतिभा परखी। गेंदबाजी, बल्लेबाजी, क्षेत्ररक्षण, विकेटकीपिंग के हुनर को तलाशा। आरडीसीए के निदेशक एवं यूपीसीए के मीडिया मैनेजर मोहम्मद फहीम ने बताया कि चयनकर्ताओं ने खिलाड़ियों का चयन कर सूची अपने पास सुरक्षित कर ली है। ट्रायल में संयोजक आशीष त्रिपाठी, आयोजन सचिव धनंजय सिंह, समन्वयक नदीम सिद्दीकी, गोविंद मौर्या, अभिषेक, शिवा जायसवाल, शिवा सोनकर, मो. फारिज, मुदस्सिर ने सहयोग किया।