बेसिक शिक्षा विभाग में प्रशिक्षु शिक्षक बनने के बाद शुक्रवार को 66 लोगों ने अपने शैक्षिक प्रमाणपत्रों को वापस ले लिया है। इन लोगों ने प्रशिक्षु शिक्षक की नौकरी छोड़ने के संबंध में शपथपत्र भी विभाग को सौंप दिया है।
प्रशिक्षु शिक्षक जूनियर स्कूलों में विज्ञान और गणित विषय के शिक्षकों की हो रही भर्ती प्रक्रिया में शामिल होंगे। 19 सितंबर को काउंसलिंग के बाद इन शिक्षकों को 21 सितंबर को नियुक्तिपत्र भी दिया जाएगा।
जुलाई 2014 से विज्ञान और गणित के 436 पदों को भरने के लिए प्रक्रिया चल रही है। सात बार काउंसलिंग होने के बाद हाईकोर्ट ने प्रक्रिया पर रोक लगा दी थी। इससे अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के बाद भी नौकरी नहीं मिल सकी थी।
तमाम अभ्यर्थियों ने अपना चयन प्रशिक्षु शिक्षक के पदों पर करवा लिया था। छह-छह महीने से नौकरी भी कर रहे हैं। अब शासन ने 21 सितंबर तक पूर्व माध्यमिक स्कूलों में विज्ञान व गणित शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया को पूरी करके उन्हें नियुक्ति पत्र देने के आदेश दिए हैं।
यह आदेश आने के बाद प्रशिक्षु शिक्षकों ने अपना डाक्यूमेंट वापस लेने का काम शुरू कर दिया है। शुक्रवार को पहले दिन 66 प्रशिक्षु शिक्षकों ने शपथपत्र देकर अपने दस्तावेज वापस ले लिए हैं।
शनिवार को यह संख्या और बढ़ सकती है। डाक्यूमेंट लेने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग में सुबह से ही प्रशिक्षु शिक्षकों की भीड़ लगी रही।
बीएसए रामसागर पति त्रिपाठी ने बताया कि प्रक्रिया को पूरा कराकर 21 सितंबर को सभी को नियुक्तिपत्र जारी किया जाएगा। जो प्रशिक्षु शिक्षक डाक्यूमेंट वापस ले रहे हैं, उनसे शपथपत्र लिया जा रहा है।