रायबरेली ने बांदा को नौ विकेट से दी शिकस्त
रायबरेली। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की ओर से आयोजित अंतर जपदीय जोन क्रिकेट प्रतियोगिता में रायबरेली ने अपना दूसरा मैच भी जीत लिया। दूसरे मैच में रायबरेली ने बांदा की टीम को नौ विकेट से करारी शिकस्त दी। यह प्रतियोगिता क्रिकेट स्टेडियम फतेहपुर में हो रही है।
यूपीसीए के उपाध्यक्ष मोहम्मद फहीम ने बताया कि टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए बांदा की टीम ने निर्धारित 45 ओवर में आठ विकेट खोकर 169 रन बनाए। रायबरेली की ओर से गेंदबाजी करते हुए साहिल सिंह व आदर्श पटेल ने दो-दो विकेट झटके। आकाश वर्मा, अभिषेक यादव व अंकुर शुक्ला को एक-एक विकेट मिला।
जवाब में बल्लेबाजी के लिए मैदान में उतरी रायबरेली की टीम ने जबरदस्त बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए एक विकेट खोकर विजय का लक्ष्य प्राप्त कर लिया। रायबरेली की ओर से राज सिंह यादव ने 59 रन, प्रशांत वीर ने 51 रन, अमन खान ने नाबाद 50 रन और आदित्य सिंह नाबाद 16 रन बनाए। अंडर-16 में रायबरेली ने अपने दोनों मैच जीत लिए हैं।