रायबरेली। बार काउंसिल ऑफ इंडिया के आह्वान पर दीवानी कचहरी के अधिवक्ता मंगलवार को न्यायिक कार्य से विरत रहे। सेंट्रल बार एसोसिएशन की ओर से अधिवक्ताओं ने कचहरी परिसर में जुलूस निकाला और विभिन्न मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। वकीलों की हड़ताल के चलते अदालती कामकाज प्रभावित हुआ और वादकारियों को सिर्फ तारीख लेकर लौटना पड़ा।
सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अतुल कुमार शुक्ल ने कहा कि अधिवक्ताओं के हित में 10 सूत्री मांगों को पूरा कराने के लिए हर स्तर की लड़ाई लड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार को प्राथमिकता के आधार पर वकीलों से जुड़ी बीमा, मुफ्त इलाज, ब्याज मुक्त लोन आदि से जुड़ी सभी मांगों को पूरा करना चाहिए।
बार के महामंत्री विजय कुमार बाजपेयी ने कहा कि अधिवक्ता आज भी काफ ी प्रतिकूल परिस्थितियों में कार्य कर रहे हैं। इसलिए केंद्र सरकार को अधिवक्ताओं से जुड़ी कल्याणकारी योजनाओं को तत्काल लागू करने पर विचार करना चाहिए। इस मौके पर मनोज कुमार वर्मा, कमलेश यादव, सत्य प्रकाश त्रिवेदी, अंजू मिश्रा, शर्मिला बानो, दिनेश गुप्ता, अजीत श्रीवास्तव, हरिश्चंद्र शर्मा, सुरेंद्र सिंह भदौरिया, सुशील त्रिपाठी, योगेंद्र दीक्षित आदि मौजूद रहे।