रायबरेली। एनटीपीसी ऊंचाहार की छठवीं यूनिट में आग लगने की घटना के सात दिन बाद एनटीपीसी परियोजना के क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक केके सिंह मंगलवार दोपहर यहां पहुंचे।
उन्होंने ऊंचाहार एनटीपीसी के अफसरों से न सिर्फ मुलाकात की, बल्कि आग लगने के बारे में पूरी जानकारी ली। बताया जा रहा है कि क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक ने एनटीपीसी में आपदा प्रबंधन को लेकर क्या तैयारियां की गई हैं, इस पर चर्चा की। साथ ही सुरक्षा इंतजामों को और बेहतर करने के निर्देश दिए। साथ ही अफसरों से लापरवाही न बरतने की बात कही। उन्होंने घटनास्थल पर पड़ताल की।
बुधवार को परियोजना में पहली नवंबर को हादसे का शिकार हुई छठवीं यूनिट में मरम्मत का काम चल रहा था। यूनिट की स्टेज 4 एरिया (चौथी मंजिल) में वेल्डिंग के दौरान आग लग गई थी, जिससे वहां अफरातफरी मच गई थी।
सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया था। इसमें 10 लाख से ज्यादा का सामान जल गया था। एनटीपीसी के क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक केके सिंह ने दोपहर बाद ऊंचाहार एनटीपीसी पहुंचे।
परियोजना में आग लगने की घटना की बाबत जीएम एचआर सी. कुमार व जीएम ओएंडएम भोलानाथ से मुलाकात कर पूरी बात जानी।
उन्होंने एनटीपीसी के अधिकारियों से कहा कि आपदा प्रबंधन से निपटने की पूरी तैयारियां कर ली जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर उससे आसानी से निपटा जा सके।
सीओ डलमऊ विनीत सिंह ने बताया कि एनटीपीसी परियोजना के क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक केके सिंह ने एनटीपीसी की छठवीं यूनिट में आग लगने की घटना की जांच की है।
वह लखनऊ से मेजा इलाहाबाद जा रहे थे, तभी एनटीपीसी ऊंचाहार पहुंचे। एनटीपीसी के अफसरों से भी मुलाकात की। आपदा प्रबंधन पर चर्चा की।