अनूठा प्रदर्शन : बाइक सवारों को दिलाया तीन रुपये सस्ता पेट्रोल
सलोन (रायबरेली)। एक ओर जहां पेट्रोल व डीजल की कीमतें आसमान छू रहीं हैं। वहीं जब कहीं पर पेट्रोल तय रेट से तीन रुपये सस्ता मिल जाए तो क्या बात है।
मंगलवार को सलोन में कुछ ऐसा ही हुआ। यहां कांग्रेस अध्यक्ष व अमेठी सांसद राहुल गांधी के जन्मदिन पर कांग्रेसियों ने पेट्रो पदार्थों की बढ़ी कीमतों के खिलाफ लोगों को तीन रुपये सस्ता पेट्रोल बांट कर विरोध जताया। पांच घंटे तक चले प्रदर्शन में पेट्रोल टंकी पर पहुंचे करीब 800 लोगों में 1580 लीटर पेट्रोल बांटा गया।
प्रदर्शन में शामिल कांग्रेसियों ने जगतपुर मार्ग स्थित चौधरी फिलिंग स्टेशन पर पांच घंटे तक पेट्रोल तीन रुपये सस्ता करके बेचा गया।
यहां पेट्रोल सस्ता मिलने की खबर पाते ही सैकड़ों बाइक सवारों की भीड़ लग गई। इस दौरान करीब 800 लोगों को सस्ते पेट्रोल की सौगात मिली। जिन्हें भीड़ के कारण पेट्रोल नहीं मिला, वे मायूस दिखे।
उधर, प्रदर्शन खत्म होने के बाद ही यहां कई लोग सस्ता पेट्रोल भरवाने की आस में पहुंचे थे लेकिन उनकी मुराद पूरी नहीं हुई।
कांग्रेस नेता सुरेश कुमार निर्मल ने बताया कि पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों के विरोध में मोदी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया गया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मिलकर पांच घंटे तक तय कीमत से तीन रुपये कम पर पेट्रोल बंटवाया। इस दौरान पेट्रोल भरवाने आए लोगों को यह सहूलियत मिली।
साथ ही सलोन कस्बे में स्थित एक मिठाई की दुकान पर स्टाल लगाकर लोगों को पूड़ी-सब्जी खिलाई गई। इस मौके पर राहुल देव सिंह, दिग्विजय सिंह, मो. मोबीन, निजाम अंसारी, दुर्गा बख्श सिंह आदि मौजूद रहे।