15 अफसरों ने दबाई 47 प्रधानों के खिलाफ जांच
रायबरेली। प्रधानों के खिलाफ विकास कार्यों में धांधली व अन्य आरोपों की जांच को जिले के अफसर दबाए बैठे हैं। बार-बार निर्देश के बाद भी जिला स्तरीय 15 अधिकारियों ने 47 प्रधानों के खिलाफ जांच अब तक पूरी नहीं की है।
मामले में डीएम ने अब गंभीर रुख अपनाया है। संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने के आदेश दिए गए हैं, जिससे संबंधित प्रधानों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
डीएम के जनता दरबार में आने वाली शिकायतों की जांच करने के लिए शिकायतें जांच अधिकारियों को सौंप दी जाती हैं। कुछ मामलों में तो अधिकारी जांच कर रिपोर्ट दे देते हैं, लेकिन जिन मामलों में सेटिंग हो जाती है उसमें जांच पूरी करके रिपोर्ट उपलब्ध नहीं करा रहे हैं।
प्रधानों के खिलाफ ऐसी 47 शिकायतें हैं जिनकी जांच अब तक अधिकारियों ने पूरी करके रिपोर्ट नहीं दी है। कई शिकायतें तो वर्ष 2015 से अधिकारी दबाए बैठे हैं।
मामले संज्ञान में आने के बाद डीएम ने गंभीर रुख अपनाया है। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने के आदेश दिए हैं। ऐसा न करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।