निरस्त हो रहीं ट्रेनें, मुसाफिर परेशान
रायबरेली। लखनऊ-वाराणसी रेल लाइन पर जंघई-वाराणसी सेक्शन के दोहरीकरण के चलते ट्रेनों को निरस्त किए जाने का असर दिखने लगा है।
रविवार को कई गाड़ियां निरस्त रहीं। तो कई देरी से चलीं, जिससे रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। जो गाड़ी आई, उस पर सवार होने के लिए यात्रियों में अफरातफरी का माहौल नजर आया।
जंघई, सराय कंसराय, सुरियावां रेलवे स्टेशनों पर प्री नॉन इंटरलॉकिंग कार्य किया जाना है। इसलिए इस रूट पर रायबरेली से होकर चलने वाली नौ जोड़ी ट्रेनें अस्थायी तौर पर निरस्त कर दी गई हैं।
हावड़ा से अमृतसर जाने वाली 13005-अप पंजाब मेल 1 जून तक निरस्त है। यह गाड़ी नहीं आई। इसके अलावा ट्रेन संख्या 14265-अप वाराणसी-देहरादून एक्सप्रेस भी 2 जून तक निरस्त कर दी गई है।
इससे लखनऊ या उसके आगे के स्टेशनों तक जाने वाले यात्रियों को दिक्कतें हुईं। ये दोनों गाड़ी दोपहर के वक्त रायबरेली से गुजरती हैं। दोनों ट्रेनों के न होने से स्टेशन पर यात्री परेशान हुए।
इन दोनों गाड़ियों से रोजाना लगभग डेढ़ हजार यात्री सफर करते हैं। सुबह लखनऊ जाने वाली 14219 इंटरसिटी एक्सप्रेस और दोपहर में वाराणसी लौटने वाली 14220 इंटरसिटी एक्सप्रेस भी रविवार को नहीं चलती है, जिससे यात्रियों को ज्यादा दिक्कतें रहीं।
लखनऊ जाने वाले यात्री अखिलेश कुमार, मो. उमर, रईस, जयंत सिंह, कुलदीप गुप्ता, आनंद मोहन आदि ने कहा कि दोपहर में कोई ट्रेन नहीं मिली। ट्रेनों की लेटलतीफी से परेशानी हो रही है। बस से सफर करने में पैसे भी काफी खर्च हो रहे हैं।