टेंपो पलटने से सात स्नानार्थी घायल
डलमऊ (रायबरेली)। गंगा स्नान करने जा रहे श्रद्धालुओं से भरा टेंपो टूटी पुलिया से टकराकर पलट गया, जिससे सात श्रद्धालु घायल हो गए। चीखपुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने घायलों को सीएचसी डलमऊ पहुंचाया।
रात महाराजगंज से डलमऊ गंगा तट पर स्नान करने के लिए आ रहा श्रद्धालुओं से भरा टेंपो रविवार रात डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के कठगर गांव के पास रायबरेली-डलमऊ मार्ग पर बनी टूटी पुलिया से टकरा कर पलट गया। इससे टेंपो में बैठे श्रद्धालु घायल हो गए। इनमें कुंता (55), यार मोहम्मद (35) निवासी पहरेमऊ महराजगंज, बाबूलाल (33) निवासी दीवान का पुरवा महाराजगंज, रामखेलावन (40), रामेश्वरी (40), सूरज कला (40), राम कुमार (50) निवासी ठाकुरी महाराजगंज शामिल हैं। घायलों की चीखपुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़े। ग्रामीणों की मदद से ही घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। सीएचसी प्रभारी डॉ. विनोद सिंह चौहान ने बताया कि घायलों की हालत ठीक है।