रायबरेली। जिले में 608 दैवीय आपदा पीड़ितों व दिव्यांगजनों के मुख्यमंत्री आवास स्वीकृत हो गए हैं। लाभार्थियों के खातों में आवास का काम शुरू कराने के लिए पहली किस्त भी भेज दी गई है। इस साल जिले में 722 पात्रों को सीएम आवास योजना का लाभ देने का लक्ष्य मिला है। जिले के सभी खंड विकास अधिकारियों शेष लाभार्थियों के आवास स्वीकृत करने के साथ ही पहली किस्त पाने वाले लाभार्थियों के आवासों के निर्माण का काम शुरू कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिले में अब तक करीब चार हजार पात्रों को मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ मिल चुका है। इस साल भी 722 पात्रों को योजना का लाभ देने का लक्ष्य मिला है। योजना के तहत सपेरा (सपेरिया), विमुक्त जाति और जोगी (अन्य पिछड़ा वर्ग), दैवीय आपदा प्रभावित परिवारों के साथ ही दिव्यांगजनों कुष्ठ रोगियों, निराश्रित महिलाओं, जेई-एईएस मरीजों, बंजारा, नट आदि को मुख्यमंत्री आवास का लाभ देना है।
सभी श्रेणियों के लिए अलग-अलग लक्ष्य तय किया गया है। डीआरडीए के परियोजना निदेशक मुनेश चंद्र ने बताया कि जिले को 722 मुख्यमंत्री आवासों का लक्ष्य मिला है। लक्ष्य के सापेक्ष 608 आवास स्वीकृत कर दिए गए हैं। लाभार्थियों के खातों में आवास की पहली किस्त भेजी गई है। शेष आवासों के पात्रों का चयन करके योजना का लाभ दिलाने के निर्देश खंड विकास अधिकारियों को दिए गए हैं। समय से लक्ष्य के सापेक्ष मुख्यमंत्री आवासों के निर्माण का काम पूरा कराया जाएगा।