यूपी के रायबरेली में 60 वर्षीय बुजुर्ग की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। संदिग्ध परिस्थितियों में हुई वारदात की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करके जानकारी जुटाई। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
घटना जगतपुर थाना क्षेत्र के पालकी हार मजरे चिचौली गांव की है। गांव निवासी राम लखन (60) की हत्या हुई है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। बताया गया कि रामलखन नहर किनारे झोपड़ी बनाकर रहते थे। वह वहीं मंदिर में सेवादारी भी करते थे। उनके सिर पर चोट के निशान मिले हैं।
सूचना पर एसपी रवि कुमार पुलिस और फोरेंसिक टीम व डॉग स्क्वॉड के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करके जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पुलिस के अनुसार, मृतक के भाई की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। घटना के जल्द खुलासे के लिए एसओजी, सर्विलांस समेत कई पुलिस टीमें जांच में जुटी हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।