अमावां। अघोषित कटौती से परेशान उपभोक्ताओं ने शुक्रवार को सिधौना उपकेंद्र का घेराव कर जमकर हंगामा किया। करीब एक घंटे तक लोग उपकेंद्र पर जमे रहे। प्रदर्शन के साथ नारेबाजी की। कोई जिम्मेदार मौके पर नहीं पहुंचा। विरोध जताने के बाद लोग लौट गए। ग्रामीणों ने कर्मचारियों पर धन उगाही का आरोप लगाया।
तरुण निशा, रुखसाना, जावेद, आरिफ, रिजवान, सुरेश, रमेश, जगजीवन, संदीप, विकास, लल्लन, राजू, बबलू ने बताया कि गांव का ट्रांसफार्मर एक सप्ताह से खराब है। शिकायत के बाद भी बदला नहीं गया। आरोप लगाया कि कर्मचारी चंदा लगाकर रुपये एकत्रित करने के लिए कह रहे हैं। फॉल्ट ठीक करने के नाम पर 200 से 500 रुपये वसूली करते हैं।
उपभोक्ताओं ने बताया कि रात में अघोषित कटौती की जाती है। दिन में लाइनों में फॉल्ट के चलते बिजली गुल रहती है। इससे परेशानी झेलनी पड़ रही है। जर्जर तार बिजली आपूर्ति में रोड़ा बन रहे हैं। अवर अभियंता सुनील कुमार पटेल ने बताया कि ट्रांसफार्मर का फ्यूज कटा था, जिसे ठीक करा दिया गया है।
शहर में ट्रिपिंग से नहीं मिल रही राहत
रायबरेली। शहर के करीब 40 हजार उपभोक्ता बिजली की आवाजाही से परेशान हैं। नेहरू नगर के रामसिंह, मुंशीगंज निवासी वीरेंद्र कुमार, मधुबन के अजीत कुमार, रतापुर के मंशाराम ने बताया कि बिजली की आवाजाही का असर कारोबार पर पड़ रहा है। उपभोक्ताओं ने बताया कि शहर में तारों का मकड़जाल है। मामूली हवा या बारिश होने पर बिजली गुल हो जाती है। सबसे ज्यादा दिक्कत शहर के आचार्य द्विवेदी उपकेंद्र से जुड़े मोहल्लों में होती है। अंडरग्राउंड 33 केवी लाइन में फॉल्ट बना रहता है।
बिजली न आने से पांच घंटे बेहाल रहे रोगी
रायबरेली। जगतपुर उपकेंद्र की 33 केवी लाइन पर आने वाली डालियों की छंटाई के चलते शुक्रवार को पांच घंटे बिजली गुल रही है। इस दौरान न सिर्फ उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ी। सीएचसी जगतपुर में भर्ती मरीज गर्मी से बेहाल रहे। अस्पताल में जनरेटर तो है, लेकिन उसे चलाया नहीं जाता है। बिजली गुल होने पर अस्पताल में भर्ती मरीज दफ्ती से हवा करते दिखे। बिजली नहीं आने से सीएचसी का इनवर्टर भी कुछ देर बाद बंद हो गया।
व्यापारी महेश, शंभू, दिनेश कुमार, सोनू और मोनू ने बताया कि बिजली कटौती से व्यापार चौपट हो रहा है। अवर अभियंता चंद्रेश पटेल ने बताया कि सुबह 10 बजे से तीन बजे तक पेड़ों की छटाई का काम कराया गया है। इससे बिजली बंद थी। उधर, सीएचसी अधीक्षक एलपी सोनकर ने बताया कि जनरेटर पुराना है, जो पूरे सीएचसी का लोड नहीं ले पाता है।
लाइन में फॉल्ट, 11 घंटे गुल रही बिजली
सतांव। कृष्णपुर ताला उपकेंद्र से जुड़े करीब 50 गांवों की बिजली शुक्रवार को 11 घंटे गुल रही। इससे लोगों को गर्मी से परेशान रहे। पानी के लिए लोगों को भटकना पड़ा। उपकेंद्र से कृष्णपुर ताला, बंडे, नेवाजीपुर, अघौरा निकले हैं। इनसे खगियाखेड़ा, अर्जुनखेड़ा, कृष्णपुर ताला, ठकुराइनखेड़ा, मेदाखेड़ा, नवाजीपुर, अमवन, ठाकुरदीन का पुरवा समेत 50 गांवों को बिजली आपूर्ति होती है। सुबह करीब छह बजे 33 केवी लाइन में फॉल्ट आ गया। इससे बिजली गुल हो गई।
शाम पांच बजे बिजली आने पर लोगों ने राहत की सांस ली। गुड्डू शुक्ला, सुहैल, अजय बाजपेयी, प्रदीप तिवारी, ऋषभ सिंह, चंद्रशेखर, अनुपम सरोज, अनूप राजपूत ने बताया कि 18 घंटे में महज छह से सात घंटे बिजली मिल रही है। अवर अभियंता रामकुमार ने बताया कि तार टूटने से बिजली बंद थी, जिसे बहाल करा दिया गया है।