ऊंचाहार। प्रतापगढ़ के विधान परिषद सदस्य अक्षय प्रताप सिंह की गैस एजेंसी में घपले का मामला सामने आया है। एजेंसी में 5 लाख 71 हजार रुपये के गबन का आरोप है। एमएलसी व एजेंसी संचालक ने एक कर्मचारी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जामो निवासी एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह की गैस एजेंसी ऊंचाहार के मदारीगंज में है। एजेंसी के लगभग 32 हजार गैस कनेक्शनधारक हैं। यहां प्रतिदिन लाखों रुपये का लेन-देन होता है। एमएलसी का आरोप है कि कैश काउंटर पर तैनात छिपिया गांव निवासी एक व्यक्ति को जिम्मेदारी दी गई थी। वह कर्मचारी प्रतिदिन बैंक में लेन-देन करता था।
इसी दौरान उसने 5 लाख 71 हजार रुपये गायब कर दिए। अभिलेखों की जांच के दौरान यह गड़बड़ी सामने आई। इसके बाद एमएलसी ने कर्मचारी के खिलाफ तहरीर दी। कार्यवाहक कोतवाल संजय कुमार शर्मा ने बताया कि एजेंसी संचालक ने कर्मचारी पर रुपये गायब करने का आरोप लगाया है। पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद कार्रवाई की जाएगी।